मॉडल हाई स्कूल के छात्र ने पीएम नरेंद्र मोदी से किया संवाद

जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को देश भर के 12 विद्यार्थियों से सवाल-जवाब किए । देश भर के 12 छात्रों में से एक जबलपुर के मॉडल हाई स्कूल स्कूल में पढ़ने वाला छात्र आयुष तिवारी भी शामिल रहा जिसने न सिर्फ अपनी योग्यता से जबलपुर का नाम रोशन किया बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व भी किया।

पीएम नरेंद्र मोदी से बातचीत करने वाले छात्र आयुष तिवारी ने नवभारत को बताया कि परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के लिए देश भर के छात्रों को दो विषय दिए गए थे और उस विषय पर एक एक मिनिट का वीडियो बनाकर भेजने कहा गया था। निर्देशों के बाद उसने अपना वीडियेा बनाकर भेजा और फिर भारत शिक्षा मंत्रालय ने वीडियो को सिलेक्ट करके आयुष को पीएम से बात करने का मौका प्रदान किया। वहीं आयुष के पिता ने भी जानकारी दी कि उनके बेटे आयुष का सपना है कि वो बड़े होकर आईएएस, आईपीएस अधिकारी बने। आयुष के पिता के अनुसार कई साल पहले उनका पत्नि के साथ तलाक हो गया था और उसके बाद उन्होनें दूसरी शादी नहीं की। अपने बेटे आयुष के साथ ही जिंदगी जीने का फैसला लिया।

लेसन प्लान विद्यार्थियों के साथ पूर्व से ही साझा करें- पीएम नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को ‘परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में विद्याथिर्यों से संवाद कर परीक्षा से जुड़े तनाव और शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट विद्यालय, जबलपुर के छात्र आयुष तिवारी ने प्रधानमंत्री से प्रश्न किया कि कई बार वे शिक्षकों की पढ़ाने की गति से तालमेल नहीं बिठा पाते हैं, उसे कैसे मैच करें? इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को समझाते हुए शिक्षकों से भी आग्रह किया कि अपने अध्यापन की स्पीड विद्यार्थियों के सीखने की गति के अनुरूप रखें। लेसन प्लान विद्याथिर्यों के साथ पूर्व से ही साझा करें। विद्यार्थी वह चेप्टर पहले से पढें, अध्ययन करें जो शिक्षक भविष्य में कक्षा में पढ़ाने वाले हैं। उन्होंने ये भी कहा कि शिक्षकों की गति से सामंजस्य बैठाने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि पहले मन को जोतो, फिर मन को जोड़ो। उसके बाद पढ़ाई के विषय शुरू करो। प्रधानमंत्री के अनुसार मन को जोतने का अर्थ है, विषय की तमाम जानकारियां जुटाना और जोड़ने का अर्थ है, एकाग्रता बनाए रखना। इससे आपकी समझ मजबूत होगी और आप एक कदम आगे चलेंगे। जानकारी के अनुसार प्रदेश के स्कूलों में टीवी प्रसारण के अलावा, इंटरनेट एक्सेस डिवाइस (कंप्यूटर, लैपटॉप इत्यादि) पर भी कार्यक्रम देखने की सुविधा स्थापित की गई थी।

2018 से लगातार हो रहा आयोजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2018 से परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान परीक्षाओं के तनाव को दूर करने के लिए विद्यार्थियों से संवाद करते हैं। इस वर्ष यह कार्यक्रम का 9 वां संस्करण था। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश भर से आये विद्यार्थियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न संचार माध्यमों पर किया गया।

शिक्षा मंत्री ने भी सुने परीक्षा मंत्र

परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने नरसिंहपुर जिले के ग्राम तेंदूखेड़ा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री के परीक्षा मंत्र सुने। मंत्री श्री सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से प्रधानमंत्री के द्वारा दिए गए सूत्रों और विचारों को आत्मसात कर परीक्षाओं की तैयारी करने का आग्रह किया।

9 फरवरी को होगा अगला प्रसारण

परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का अगला प्रसारण 9 फरवरी 2026 को होगा। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न अंचलों के विद्यार्थियों के साथ चर्चा करेंगे। यह कार्यक्रम विभिन्न संचार माध्यमों पर सुबह 10 बजे से प्रसारित किया जायेगा। प्रदेश के विद्यालयों में उक्त कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Next Post

प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त मंच बना सांसद खेल महोत्सव: भारत सिंह

Fri Feb 6 , 2026
ग्वालियर। नई दिल्ली के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 8वीं नेशनल कॉन्फ्रेंस में ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह ने बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर सहभागिता की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव सामाजिक परिवर्तन, समावेशिता, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दे रहा है। […]

You May Like