ताइपे, 05 फरवरी (वार्ता) ताइवान के वायु क्षेत्र के पास गुरुवार को 12 चीनी विमान उड़ान भरते नजर आये जबकि क्षेत्रीय जलक्षेत्र के पास सात नौसैनिक जहाजों को देखा गया।
ताइवान की रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि गुरुवार की सुबह छह बजे तक तक 12 उड़ानों को देखा गया, जिनमें से 11 ने मध्य रेखा को पार किया और ताइवान के उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (एडीआईजेड) में प्रवेश किया। मंत्रालय ने कहा, “हमने स्थिति की निगरानी की और इसका जवाब दिया है।”
इससे पहले बुधवार को ताइवान ने अपने आसपास 13 चीनी उड़ानों और छह नौसैनिक जहाजों को देखा था, जिनमें से 11 विमानों ने मध्य रेखा को पार कर उसके उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी एडीआईजेड में प्रवेश किया था।
चीन की इस बढ़ती सैन्य गतिविधि के बीच व्यापक भू-राजनीतिक तनाव बना हुआ है। बुधवार को संयुक्त राज्य अमेरिका ने महत्वपूर्ण खनिजों पर कई देशों के साथ एक बैठक की मेजबानी की, जिसे इस क्षेत्र में चीन के प्रभाव का मुकाबला करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
एक अलग घटनाक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात की और अप्रैल में अपनी चीन यात्रा की योजना की पुष्टि की। श्री ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में इस बातचीत को ‘विस्तृत और लंबा’ बताया, जिसमें व्यापार, सैन्य मुद्दों, ताइवान, रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान, ऊर्जा खरीद और कृषि निर्यात पर चर्चा की गई।
श्री ट्रंप ने श्री जिनपिंग के साथ अपने संबंधों को ‘अत्यंत मधुर’ बताते हुए अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान अमेरिका और चीन के बीच अच्छे संबंधों के प्रति उम्मीद जाहिर की।
