शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बनी हुई है दूषित पानी की समस्या

इंदौर. देश के सबसे स्वच्छ इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई 32 मौतों की त्रासदी के बावजूद शहर में गंदे पानी की आपूर्ति जारी है. शहर के विभिन्न क्षेत्रों से दूषित पानी की शिकायतें सामने आ रही हंै. स्थानीय निवासियों द्वारा लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद, नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस और स्थायी समाधान निकालने में नाकाम रहे हैं, जिससे शहर में स्वास्थ्य को लेकर खतरा बना हुआ है।

दूषित पानी की गंभीर समस्या रिंग रोड के समीप वेलोसिटी टॉकीज के पीछे स्थित बड़ा शिवबाग कॉलोनी वार्ड 40 से भी सामने आई है. पानी की किल्लत को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है. क्षेत्र की कुछ गलियों में पिछले लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है. यहां नर्मदा लाइन डाले जाने के बावजूद आज तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है. जब कभी पानी आता भी है तो वह बेहद कम मात्रा में और दूषित होता है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है. इस समस्या को लेकर क्षेत्र की पांच नंबर गली के रहवासियों द्वारा नगर निगम में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया.

लगभग पांच माह पहले इस समस्या को लेकर नवभारत ने खबर भी प्रकाशित की थी. उस दौरान क्षेत्रीय पार्षद से भी चर्चा की गई थी और उन्होंने पाइन लाइन की जांच की बात कही थी. हालांकि, हाल ही में एक सप्ताह पूर्व कुछ स्थानों पर लाइन टेस्टिंग की भी गई, इसके बावजूद गली में पानी नहीं पहुंच रहा है. स्थिति यह है कि लोगों को दूसरे क्षेत्रों में बनी पानी की टंकियों से दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है. दूषित पानी से स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ते जा रहे हैं. क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से शीघ्र नियमित और स्वच्छ जलापूर्ति की मांग की है.

 

बाक्स…

यह बोले रहवासी….

 

प्रेशर नहीं होने के कारण गालियों के अंदर बने घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता है. पानी की किल्लत के चलते सभी लोगों को इधर-उधर दूर-दूर से पानी का बंदोबस्त करना पड़ता है. शिकायत के बाद भी समस्या हल नहीं हो पा रही है.

– प्रभा चौहान

 

इस समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की. अब अधिकारी समस्या का निराकरण करे बगैर शिकायत कटवाने के लिए फोन लगा रहे हैं. यहां लोग बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई परवाह ही नहीं हैं.

– विनोद विश्वकर्मा

 

क्षेत्रीय पार्षद से भी शिकायत कर चुके हैं, उन्होंने आश्वासन दिया था, इसके बावजूद आज तक नगर निगम ने इसका निराकरण नहीं किया. निगम अधिकारियों को भी शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं.

– कुबेर सिंह चौहान

 

क्षेत्र में पानी की बेहद किल्लत है. जो थोड़ा-बहुत पानी मिलता भी है, वह भी इतना दूषित है कि उसे गर्म करके और उबालकर पीने के बाद भी कई तरह की बीमारियां हो रही हंै, जो कभी भी जानलेवा हो सकती हैं.

– सारिका जाटव

Next Post

थाने से लौटते समय कार की टक्कर से घायल की मौत

Thu Feb 5 , 2026
इंदौर. लसूड़िया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है. थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि मृतक नीरज पिता सुखनंद उम्र 47 […]

You May Like