
झाबुआ। कलेक्टर नेहा मीना ने झाबुआ जिले के ग्राम जामली में टमाटर डिहाइड्रेशन यूनिट और शेडनेट हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने टमाटर प्रसंस्करण को बढ़ावा देने हेतु क्लस्टर निर्माण और विपणन व्यवस्था पर किसानों से चर्चा की। उन्होंने उद्यानिकी विभाग को निर्देश दिए कि ज्यादा से ज्यादा प्रसंस्करण इकाइयां बनाकर उन्हें कंपनियों से जोड़ा जाए, ताकि किसानों को टमाटर के कम मूल्य के समय अधिक लाभ मिल सके। आगामी सप्ताह में एक सेमिनार आयोजित कर किसानों को मार्केटिंग मॉडल की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मिर्ची और अमरूद की इंटर क्रॉपिंग, खीरा की फसल, अनार लगाने की योजना तथा आम और काजू के फलोद्यान का भी अवलोकन किया। इस दौरान एसडीएम तनुश्री मीणा, सीईओ राजेश दीक्षित, उद्यानिकी अधिकारी नीरज सांवलिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
