नारायणपुर, 04 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना ओरछा क्षेत्र के संवेदनशील जंगलों में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाए गए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
बुधवार को एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, कांगाली, मंडोली, आसनार और ओरछा के घने जंगली इलाके में छिपाई गई इस सामग्री की सटीक जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई। सूचना की पुष्टि के बाद 03 फरवरी को नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी की एक संयुक्त टीम ने विस्तृत सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
ऑपरेशन के दौरान जंगल में एक गुप्त स्थान से विभिन्न प्रकार की आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बनाने की सामग्री बरामद हुई। बरामदगी में प्रेशर कुकर, रस्सी, लंबी बिजली के तार, चार्जर, बैटरियां, पेंसिल सेल, पाइप और इंजन ऑयल जैसी खतरनाक वस्तुएं शामिल हैं। इन सामग्रियों का उपयोग घातक बम तैयार करने में किया जाता है। इसके अलावा नक्सलियों के दैनिक उपयोग की कुछ अन्य वस्तुएं भी मिली हैं।
बरामद सभी सामग्री को विधिवत रूप से जब्त कर लिया गया है और इसका पंचनामा तैयार किया गया है। सामग्री को सुरक्षित तरीके से थाना ओरछा लाया गया है, जहां इसे प्रस्तुत किया गया है। इस पूरे मामले में संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इस ऑपरेशन को सुरक्षा बलों की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। बरामद सामग्री से एक बड़े आतंकी हमले की संभावना को विफल किया जा सका है। क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
