ड्रोन सर्वे पूरा, 20 किसानों के खेत प्रभावित

जबलपुर: बरगी परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सगड़ा-झपनी के बीच से होकर दाईं ओर बहने वाली व रीवा तक जाने वाली प्रमुख नहर का मरम्मत कार्य जिला प्रशासन की देखरेख में शुरू हो गया है। दो तीन दिन मरम्मत कार्य पूरा होने की बात जिम्मेदारों द्वारा कही जा रही है।एसडीएम अभिषेक सिंह के मुताबिक भोपाल की एक टीम एक दो दिन में नहर का परीक्षण करने भी जबलपुर आएगी। जानकारी के अनुसार सगड़ा-झपनी, घाना, पिपरिया कला, रौंसरा, बम्हनोदा, चारघाट कुल 6 गांवों के खेतों में नहर फूटने की वजह से पानी भर गया था। इन इलाकों में ड्रोन सर्वे पूरा करा लिया गया है। जिसमें सामने आया कि करीब 20 किसानों के खेत प्रभावित हुए हैं।

विदित हो कि गत दिवस सगड़ा-झपनी के बीच से होकर दाईं ओर बहने वाली व रीवा तक जाने वाली प्रमुख नहर अचानक फूट गई थी। जिसके बाद से आसपास के 6 गांवों के खेतों में पानी भर गया था। ऐसे में किसानों ने अपनी-अपनी फसल के नुकसान की आशंका जताते हुए जिला प्रशासन से मदद की गुहार भी लगाई थी। जानकारी के अनुसार नहर फूटते ही जिला प्रशासन ने बरगी बांध की दाईं तट नहर से पानी की निकासी पूर्णत: बंद करा दी थी।
इनका कहना है
–जिला प्रशासन व कृषि विभाग की टीम सजग रूप से सक्रिय है। खेतों से पानी पूरा निकलने के बाद दो से तीन दिन के बाद एक बार फिर से सगड़ा झपनी व आसपास के कुल 6 गांवों के खेतों की फसलों का परीक्षण कराया जाएगा। क्योंकि कई बार अधिक पानी ऐसी फसलों के लिए लाभदायक साबित हो जाता है जिनमें पानी की कमी हो। आंकलन के बाद प्रभावित किसानों को फसल के नुकसान के प्रतिशत के हिसाब से राहत राशि दी जाएगी। सगड़ा-झपनी व आसपास के गांवों के खेतों से पानी धीरे-धीरे करके निकल रहा है।
–अभिषेक सिंह, एसडीएम।

Next Post

डिजिटल इंडिया में कृषि को नई आधुनिक तरीकों की है जरूरत

Tue Feb 3 , 2026
जबलपुर: किसान सेवा संगठन की युवा विंग ने सप्तम स्थापना दिवस का वार्षिक उत्सव का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, अध्यक्षता डॉ एसपी गौतम पूर्व अध्यक्ष लोक सेवा आयोग मध्य प्रदेश एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जवाहरलाल नेहरू के विश्वविद्यालय से वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर […]

You May Like