
छतरपुर। छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र के ग्राम बसाटा में शनिवार शाम करंट लगने से 44 वर्षीय रज्जू आदिवासी पुत्र बिरजू आदिवासी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने घर का मुख्य गेट बंद कर रहे थे। अचानक गेट में करंट प्रवाहित होने से वह उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर सटई थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में घर के लोहे के गेट में करंट आने की बात सामने आई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गेट में करंट किस कारण से आया। विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी, लीकेज या अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
