नयी दिल्ली, 02 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने उपमहाद्वीप में क्रिकेट के बढ़ते राजनीतिकरण की आलोचना करते हुए भारत, पाकिस्तान और बंगलादेश से जुड़े हालिया घटनाक्रमों को ‘शर्मनाक’ बताया और चेतावनी दी कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो रही है। पाकिस्तान के भारत के खिलाफ 2026 आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप ग्रुप-चरण मैच का बहिष्कार करने के फैसले और बंगलादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान से जुड़े विवाद पर श्री थरूर ने प्रतिक्रिया दी है कि खेल को राजनीतिक तनाव का शिकार बनने के बजाय जोड़ने वाली शक्ति के रूप में काम करना चाहिए। श्री थरूर ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, “सच कहूं तो यह काफी अपमानजनक है कि दोनों तरफ से खेल का इस तरह राजनीतिकरण किया गया है। मुझे नहीं लगता कि मुस्तफिजुर को कोलकाता में खेलने के लिए उनके अनुबंध से वंचित किया जाना चाहिए था। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण था।” श्री थरूर ने इस घटनाक्रम पर बंगलादेश की प्रतिक्रिया को जरूरत से ज्यादा बताया और कहा कि पाकिस्तान का यह कदम बंगलादेश के साथ एकजुटता दिखाने का प्रयास है। श्री थरूर ने कहा, “बंगलादेश की प्रतिक्रिया जरूरत से ज्यादा थी, लेकिन यह उसी का प्रतिबिंब है। पाकिस्तान बंगलादेश के साथ एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला अब नियंत्रण से बाहर होता जा रहा है। क्षेत्र में क्रिकेट के सांस्कृतिक महत्व पर जोर देते हुए श्री थरूर ने हितधारकों से राजनीति को खेल से दूर रखने और उचित माध्यमों से बातचीत बहाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा ” मुझे लगता है कि हमें यह समझने की जरूरत है कि खेल, जो सभी लोगों के लिए बहुत मायने रखता है, वह कम से कम खेल के मैदान पर तो हमें साथ लाने का जरिया होना चाहिए, खासकर क्रिकेट जैसा खेल। ” वर्तमान स्थिति को ‘चेतावनी की घंटी’ बताते हुए श्री थरूर ने सुझाव दिया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) संबंधित पक्षों के बीच तत्काल बातचीत के लिए एक मंच के रूप में कार्य कर सकती है। श्री थरूर ने कहा, “मैं ईमानदारी से मानता हूं कि यह अब उन सभी के लिए एक चेतावनी की घंटी है, जिन्हें आपातकालीन आधार पर एक-दूसरे से संपर्क करना चाहिए। आईसीसी इसके लिए एक मंच बन सकता है, जो बस यह कहे कि चलिए इस बकवास को यहीं खत्म करते हैं।” उनकी टिप्पणियां पाकिस्तान सरकार की घोषणा के कुछ घंटे बाद आयी है कि उसकी राष्ट्रीय टीम भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले ग्रुप-चरण मैच के लिए मैदान में नहीं उतरेगी। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पाकिस्तान सरकार ने कहा कि उसने टूर्नामेंट में टीम की भागीदारी की मंजूरी दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी।

