छिंदवाड़ा। जिले के जंगलों में लहरा रहे हरे भरे पेड़ों पर तस्करों ने अपने नजरें गढ़ा रखी हैं। आए दिन सागौन कटाई और इसकी तस्करी जैसे मामले सामने आ रहे है । एक ऐसा ही मामला फिर सामने आया है। जहां रात के अंधेरे में चौपहिया से सागौन तस्करी कर रहे बिचौलियों ने पहले तो वन अमले के वाहन को टक्कर मारी और मौका देखते ही सागौन से भरा वाहन को छोड़ कर मौके से भाग निकले।
इन तस्करों की तलाश की जा रही है। यह मामला पश्चिम वन मंडल के अंतर्गत आने देखाखारी रेंज का है। बता दें कि बीते दिनों वन अमले द्वारा अपने क्षेत्र में रात में गश्त कर रहे थे। तभी वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध पिकअप वाहन जंगल की ओर जा रहा है। मुखबिर की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने जंगल की ओर पहुंची। जहां उन्हें एक पिकअप वाहन तेजी से भागते हुए नजर आया। जब वन अमले की टीम ने उक्त वाहन का पीछा किया, तो पहले वह भागने की फिराक में थे। लेकिन लगातार वन विभाग द्वारा पीछा करने के बाद तस्करों ने वन विभाग की गाड़ी को टक्कर मार दी। जिससे उनका वाहन एक पेड़ के पास जा घुसा। तस्कर पकड़ाने के डर से वाहन छोड़ मौके से फरार हो गए। जब पिकअप वाहन की तलाश की गई तो उसके अंदर 15 नग सागौन के ल_े ( डेढ़ मीटर ) जिसकी लगभग कीमत 1 लाख रु आंकी जा रही है। वन विभाग की टीम ने आरोपियों पर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जिले भर में हो रही सागौन की तस्करी
तस्करों को पकडऩे के लिए स्पेशल उडऩ दस्ता बनाया गया है, लेकिन यह उडऩदस्ता शो-पीस बना हुआ है। जिले भर में आए दिन सागौर तस्करी के मामले सामने आ रहे है। इससे यह साबित होता है कि वन अमले का मुखबिर तंत्र कमजोर है, या फिर अधिकारियों की सांठ-गांठ से तस्करी को अंजाम दिया जा रहा है।
रैकी कर रहे तीन आरोपी धराए
बताया जा रहा है कि तस्करों द्वारा रात के अंधेरे में जंगल के रास्ते सागौन तस्करी की जा रही थी। उस समय उक्त वाहन को जंगल से बाहर निकालने के लिए तीन युवक रैकी कर रहे थे। वन विभाग की टीम ने तीनों आरोपी विवेक उईके, संजीत राठौड़,और चंद्रभान कवरेती को हिरासत में ले लिया है। साथ ही दो फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है ।
इनका कहना है…
सागौन तस्करों के ऊपर कार्यवाही की गई । उक्त वाहन को जब्त कर पांच आरोपियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उक्त वाहन को रोकते समय उनके द्वारा वन अमले के वाहन को तस्करों ने टक्कर मारी है । हालांकि सभी सुरक्षित है। 3 रैकी कर रहे आरोपियों को हिरासत में लिया है। अन्य दो की तलाश की जा रही है ।
दीपक चौधरी
रेंजर देलाखारी
