उज्जैन:64 कलाओं में निपुण भगवान श्री कृष्ण ने अपने बड़े भाई बलराम और सखा सुदामा के साथ 64 दिन तक सांदीपनि आश्रम में रहकर शिक्षा-दीक्षा प्राप्त की थी. 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व है. ऐसे में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी यहां दर्शन पूजन करने के लिए पहुंचेंगे.
नवभारत से चर्चा में पंडित राहुल व्यास ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 10 जुलाई को महर्षि गुरु सांदीपनि आश्रम दर्शन पूजन के लिए आएंगे. वे जब विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बने थे, उससे भी पहले यहां लगातार दर्शन के लिए आते हैं. यही नहीं यहां पर विकास कार्यों की सौगात भी कई बार श्री यादव द्वारा दी गई है. अब यहां मंदिर का विस्तृत प्लान भी सिंहस्थ के दृष्टिगत बनाया गया है.
ध्वज बदला जाएगा
10 जुलाई को गुरुपूर्णिमा उत्सव पर सांदीपनि आश्रम में प्रातः वेदपाठी ब्राह्मण महर्षि सांदीपनि, भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की प्रतिमाओं का पवित्र जल से अभिषेक करेंगे. इसके बाद भगवान को नए वस्त्र पहनाए जाएंगे और मंदिर की ध्वजा बदली जाएगी.
विद्या आरंभ संस्कार होगा
गुरु पूर्णिमा पर आश्रम में छोटे बच्चों का विद्यारंभ संस्कार होगा. यह 16 संस्कारों में से एक है. पहली बार विद्यालय जाने वाले बच्चों का स्लेट (पाटी) पूजन भी किया जाएगा. माता-पिता अपने बच्चों के साथ इस संस्कार में भाग लेंगे।
