सतना : जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुठिला पहाड़ क्षेत्र के जंगल में एक ही फंदे से लडक़ा-लडक़ी के शव लटके पाए जाने की घटना ने रहवासियों को झकझोर कर रख दिया. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आ रहा है. वहीं पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.रविवार की सुबह जब स्थानीय रहवासी कुठिला पहाड़ के निकट स्थित जंगल की ओर गए तो वहां पर एक पेड़ की शाखा पर लडक़ा-लडक़ी फंदे पर लटके नजर आए.
यह दृश्य देखते ही रहवासियों के पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में घटना की जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी गई. जिसके चलते ग्रामीणों ने बरौंधा थाने में घटना की सूचना दे दी. सूचना मिलने पर बरौंधा थाना प्रभारी अभिनव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरु की. ग्रामीणों से की गई पूछताछ में मृत किशोरी की पहचान राधा मवासी पिता ददुवा और मृत किशोर देशराज मवासी पिता राम कमोद बताया गया.
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने पर पुलिस ने पाया कि लडक़ा और लडक़ी दोनों के शव कपड़ा नुमा रस्सी से बने एक ही फंदे पर लटके हुए थे. के बाद दोनों के शवों को नीचे उतारा गया. वहीं परिजनों को मौके पर बुलाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरौंधा स्थित मर्चुरी भेज दिया गया. वहीं पुलिस द्वारा की गई पूछमाछ में यह जानकारी भी सामने आई कि दोनों नाबालिग लडक़ा और लडक़ी रिश्ते में चचेरे भाई-बहन लगते हैं. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है. घटना के चलते एक ओर जहां परिजन सदमे में हैं वहीं ग्रामीण भी कुछ समझ नहीं पा रहे हैं. पुलिस के अनुसार परिजनों के बयान ले लिए गए हैं. सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.
पेड़ पर लटका मिला अज्ञात
मैहर जिले के अमदरा थाने की झुकेही चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लेदरी में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब आम के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव लटकता पाया गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मृतक के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया तो उसे कोई भी पहचान नहीं सका. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है. पहचान सुनिश्चत होने के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
