विषाक्त भोजन से विद्यार्थियों की बिगड़ी तबीयत

उमरिया। जिले के करकेली जनपद अंतर्गत ग्राम जरहा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संदिग्ध विषाक्त भोजन खाने से कई छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

जानकारी के अनुसार कक्षा तीसरी से लेकर कक्षा ग्यारहवीं तक के लगभग 20-30 छात्र-छात्राएं उल्टी और दस्त की शिकायत से पीड़ित हो गए, जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूत्रों के मुताबिक बच्चों ने विद्यालय में बूंदी और सुरुचि भोज का सेवन किया था, जिसके बाद यह स्थिति निर्मित हुई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की मदद से छात्रों को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया जाने लगा। कुछ बच्चों को उपस्वास्थ्य केंद्र घुलघुली तथा गंभीर हालत वाले छात्रों को जिला अस्पताल उमरिया रेफर किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल विद्यालय पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही सीएमएचओ, बीएमओ सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल विद्यालय पहुंची और बच्चों की प्राथमिक जांच व उपचार शुरू किया। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है और भोजन के सैंपल लिए जाने की भी संभावना जताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) जिला उमरिया के जिला अध्यक्ष मो. असलम शेर जिला चिकित्सालय पहुंचे और भर्ती बच्चों का हालचाल जाना।

मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए : मो. असलम

मो. असलम शेर ने प्रभावित विद्यार्थियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि बच्चों की सेहत से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने भी अस्पताल में मौजूद परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की।

Next Post

आयुष्मान भारत योजना में एनएबीएच सर्टिफिकेट अनिवार्यता को चुनौती देने वाली याचिका खारिज

Wed Jan 28 , 2026
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट के जस्टिस विवेक रूसिया व जस्टिस प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत निजी अस्पतालों के एम्पैनलमेंट से जुड़ी नीति को चुनौती देने वाली जनहित याचिका खारिज कर दी है। युगलपीठ ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि राज्य शासन […]

You May Like