भोपाल: राजधानी में स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान के तहत शहर में साफ सफाई को लेकर कार्य किया जा रहा है. जिसके लिए निगमायुक्त ने सभी कर्मचारियों को पहले ही निर्देश दे चुकी है और वह स्वयं भी अब वार्ड में जाकर निरीक्षण कर रही हैं.लेकिन फिर भी जोन में पदस्थ सहायक स्वास्थ्य अधिकारी गंभीर नहीं है. इसका उदाहरण शाहपुरा स्थित जोन 6 का कार्यालय को देखा जा सकता है. वहां परिसर में ही गंदगी का अंबार लगा हुआ है. जिसमें कालोनी की चार पहिया वाहन पार्क हो रहे हैं. परिसर की उसकी दीवार भी नहीं बनी है. चारों तरफ खरपतवार खड़ी है. जगह जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है. एैसा लगता है कि वहां पर महिनों से ना ही झाड़ू लगा है और ना ही कचड़े को उठाया गया है. जब नगर निगम के कार्यालयों की हालात एैसी होगी तो शहर की स्थिति क्या होगी.
नाली की दीवार फूटी है भरा है कचरा
जोन कार्यालय के सामने काफी बड़ा खुला परिसर है. उसके चारों तरफ नाली बनी हुई हैं जो कालोनी के पानी को नाले तक पहुंचाती है. लेकिन वह नाली की दीवार सब जगह से गिर चुकी है. वहीं परिसर में बड़े पेड़ लगे हुए हैं जिनकी जड़ें नालियों तक पहुंचकर पानी के बहाव को प्रभावित कर रही हैं साथ ही कचरे को भी रोक रही हैं. जिससे कचरा भरा हुआ है.
इनका कहना है
मैं व्यक्तिगत कार्य में व्यस्त हूं, इसलिए अभी ज्यादा बात करना मुश्किल है। हम कल बात कर सकते हैं.
भावना पटेरिया रावत, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, जोन 6
