
घुघरी। मोहगांव खर्राछापर स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर में अध्ययनरत आदिवासी छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से प्रारंभ होने जा रही हैं, इसी दौरान शिक्षकों द्वारा यह जानकारी सामने लाई गई कि कुछ छात्राएं आंखों की समस्या और लगातार सिरदर्द के कारण पढ़ाई पर पूरा ध्यान नहीं दे पा रही हैं।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए विद्यालय स्तर पर छात्राओं से संवाद किया गया, जिसमें दृष्टि संबंधी समस्याओं की पुष्टि हुई। इसके पश्चात प्रभावित छात्राओं को आंखों की जांच के लिए मण्डला लाया गया। इस पूरे प्रयास में मानिक परते और मनोज परते का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिनके माध्यम से नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अशोक मर्सकोले से समन्वय स्थापित किया गया।
डॉक्टर मर्सकोले द्वारा नि:शुल्क नेत्र जांच का आश्वासन दिया गया और आज दिनांक 28 जनवरी 2026 को कक्षा आठवीं से बारहवीं तक की कुल 39 आदिवासी छात्राओं की आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इससे छात्राओं को न केवल स्वास्थ्य संबंधी राहत मिली, बल्कि आगामी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर आत्मविश्वास भी बढ़ा।
इस अवसर पर प्राचार्य इंजीनियर अजय शर्मा सहित हिमांशु राज दुबे, लक्ष्मी धुर्वे, कोमल भारतीया, माहेश्वरी परते, अंजलि मरकाम सहित छात्राएं उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने इस सहयोगात्मक प्रयास को छात्राओं के शैक्षणिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
