
भोपाल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस की 78वीं वर्षगांठ के अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार प्रकोष्ठ द्वारा शहीद स्मरण सभा एवं श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्रकोष्ठ अध्यक्ष अजय नारायण सीतलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम 29 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन, शिवाजी नगर, भोपाल के सभागार में आयोजित होगा।
इस अवसर पर प्रदेश भर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, वीरांगनाएं, गांधीवादी विचारक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करना, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सांप्रदायिक सद्भाव के मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता 117 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वामी लेखराज सिंह करेंगे, जबकि 100 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी पांडुरंग गणपत शिंदे विशेष अतिथि होंगे। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा भी समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त, 30 जनवरी 2026 को सद्भावना यात्रा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके माध्यम से बापू के अहिंसा, सत्य और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। कांग्रेस ने प्रदेशवासियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों एवं युवाओं से कार्यक्रम में सहभागिता कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।
