महू: बड़गोंदा मार्ग स्थित सैन्य अधिकारियों के आवासीय क्षेत्र में लगातार दो रातों से हथियारबंद बदमाशों के आतंक के कारण स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है. बेखौफ बदमाशों ने एक के बाद एक दो फार्म हाउसों को निशाना बनाया, जिसमें एक रिटायर्ड कर्नल और एक रिटायर्ड जेसीओ का घर शामिल है. इन वारदातों के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना बड़गोंदा मार्ग स्थित डिफेंस एन्क्लेव की है. यहां रहने वाले सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी कर्नल महेंद्र के फार्म हाउस पर शुक्रवार देर रात हथियारों से लैस बदमाश पहुंचे. बदमाश मुख्य दरवाजे को काटकर अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे, तभी घर के सदस्यों की आंख खुल गई. घर में आहट और परिवार के जागने के कारण बदमाश घबराकर मौके से फरार हो गए.
अगली ही रात जेसीओ के फार्म हाउस में घुसे चोर
कर्नल के घर हुई घटना के अगले ही दिन शनिवार रात को बदमाशों ने आशापुरा रोड क्षेत्र में स्थित एक अन्य सेवानिवृत्त जेसीओ के फार्म हाउस को अपना निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि इस बार बदमाश घर के अंदर दाखिल होने और चोरी करने में सफल रहे. हालांकि, इस वारदात में कितने और क्या सामान की चोरी हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, गश्त बढ़ाने की मांग
लगातार दो दिनों तक हुई इन सनसनीखेज घटनाओं से डिफेंस एन्क्लेव और आशापुरा रोड के रहवासियों में गहरा रोष और भय है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह क्षेत्र मुख्य रूप से सेवानिवृत्त मेजर, कर्नल और अन्य उच्च सैन्य अधिकारियों के निवास स्थान हैं. हथियारबंद बदमाशों के इस तरह बेखौफ घूमने से कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है. रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त तुरंत बढ़ाई जाए और संदिग्ध लोगों की सघन जांच की जाए.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस पूरे मामले में डीएसपी ललित सिकरवार ने बताया कि पुलिस ने दोनों ही घटनाओं को गंभीरता से लिया है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. घटना स्थलों और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. डीएसपी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा
