सरकार ने कहा जाति जनगणना पर फैलाया जा रहा है भ्रम

नयी दिल्ली 27 जनवरी (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि कुछ लोग जाति जनगणना को लेकर भ्रम फैला रहे हैं लेकिन सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि जनगणना का काम हर वर्ष की तरह दो चरणों में होगा और जाति की गणना दूसरे चरण में की जायेगी। जनगणना के दौरान जाति की गणना को लेकर उठाये जा रहे सवालों के बीच मंत्रालय ने कहा है कि जनगणना-2027 की पूरी जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से पिछले वर्ष 12 दिसंबर को दी जा चुकी है फिर भी कुछ लोग जानबूझकर जनगणना और विशेषकर जाति गणना को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

मंत्रालय ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि यह पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि जनगणना-2027 दो चरणों में होगी, जिसमें जाति की गणना दूसरे चरण में की जाएगी। मंत्रालय ने कहा है कि जनगणना पिछली जनगणनाओं की तरह दो चरणों में की जा रही है। पहला चरण जिसे ‘हाउसलिस्टिंग’ और मकानों की गणना के नाम से जाना जाता है और दूसरा चरण जिसे जनसंख्या की गणना के नाम से जाना जाता है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस , समाजवादी पार्टी और कुछ अन्य दलों ने सरकार द्वारा पहले चरण की जनगणना के लिए जारी प्रश्नावली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इसमें जाति से जुड़ा कॉलम ही नहीं है। सरकार ने जनगणना कराने की घोषणा के साथ ही कहा था कि इस बार जाति जनगणना भी करायी जायेगी और उसके आंकड़े सार्वजनिक कराये जायेंगे।

Next Post

कल एनसीसी रैली को संबोधित करेंगे मोदी

Tue Jan 27 , 2026
नयी दिल्ली 27 जनवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को यहां दिल्ली छावनी के करियप्पा परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की वार्षिक रैली को संबोधित करेंगे। इस वर्ष की रैली की विषय वस्तु थीम ‘राष्ट्र प्रथम – कर्तव्य निष्ठ युवा’ है जो भारत के युवाओं में कर्तव्य, अनुशासन […]

You May Like