नयी दिल्ली 01 सितम्बर (वार्ता) जर्मनी के विदेश मंत्री डा. जोहान डेविड वेडफुल मंगलवार को दो दिन की यात्रा पर भारत आयेंगे और इस दौरान वह विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर के अलावा वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ भी बातचीत करेंगे। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि श्री वेडफुल पहले बेंगलुरू जायेंगे जहां वह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन का दौरा करेंगे। शाम को वह राजधानी दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बुधवार को वह सुबह वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक करेंगे। अमेरिका की विभिन्न देशों पर आयात शुल्क की घोषणा के बाद उनकी श्री गोयल के साथ मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान दोनों देशों के बीच यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते के बारे में बातचीत होने की संभावना है।
उसी दिन बाद में वह विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर के साथ बैठक करेंगे। श्री वेडफुल की विदेश मंत्री बनने के बाद यह पहली भारत यात्रा है और इस दौरान उनके रक्षा तथा अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढाने पर भी चर्चा करने की संभावना है। बैठक के बाद वह शाम को स्वदेश रवाना हो जायेंगे।
