सतना : जिला अस्पताल में उपचाररत महिला की मौत की जानकारी सामने आने पर काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही. मृतका के माएके पक्ष के लोगों द्वारा मौत पर संदेह जताते हुए पति पर आरोप लगाए गए. इस विवाद के चलते मृतका का शव 4 घंटे से अधिक समय तक एंबुलेंस में पड़ा रहा.प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के पतेरी क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले बृजेंद्र उर्फ बबलू सोनी की 22 वर्षीय पत्नी कीर्ती सोनी को रविवार की रात तेज बुखार हो गया. पत्नी की हालत को देखते हुए बबलू उन्हें रात के लगभग 10 बजे जिला चिकित्सालय पहुंचे.
जहां पर कीर्ती की गंभीर हालत को देखते हुए आईसीसीयू में भर्ती कर उपचार शुरु किया गया. लेकिन उपचार के बावजूद कीर्ती की हालत में सुधार नहीं हुआ और सोमवार को भोर में लगभग 5 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया. इस घटना की जानकारी मिलने पर बबलू के परिजन अस्पताल पहुंच गए और एंबुलेंस के जरिए मृतका के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी की जाने लगी. चूंकि कीर्ती की मृत्यु हो जाने की सूचना उनके माएके पक्ष के लोगों को भी दे दी गई थी.
लिहाजा कीर्ती के पिता राममिलन भी अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ अस्पताल पहुंच गए. राममिलन द्वारा कीर्ती की र्मौत को संदिग्ध बताते हुए बबलू सहित उनके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाने शुरु कर दिए. जिसके चलते दोनों पक्ष के बीच विवाद होने लगा. शुरु हुए विवाद के चलते काफी देर तक गतिरोध बना रहा. लेकिन बढ़ते विवाद को देखते हुए दोनों पक्षों में शामिल कुछ वरिष्ठ सदस्यों ने हस्तक्षेप किया. जिनके समझाने बुझाने के बाद मामला किसी तरह शांत हो पाया.
लेकिन इस विवाद की वजह से 4 घंटे से अधिक समय तक कीर्ती का शव एंबुलेंस में पड़ा रहा. हुआ था प्रेम विवाहपरिजनों से मिली जानकारी के अनुसार अतर्रा बांदा उप्र निवासी बृजेंद्र उर्फ बबलू सोनी द्वारा द्वारा भरतपुर चित्रकूट उप्र निवासी कीर्ती सोनी से 4 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया गया था. जिसके चलते उनकी 3 साल की एक बेटी भी है. वे शहर के पतेरी क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे. वहीं बबलू द्वारा शहर कीर एक निजी युनिवर्सिटी में बतौर चालक काम करते हैं. प्रेम विवाह की वजह से माएके पक्ष में नराजगी बनी हुई थी और उनसे संपर्क लगभग टूट सा गया था
