मुरैना: सराय छोला थाना क्षेत्र के कैमरा गांव में बीती आधी रात एक युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक ने पहले कीटनाशक दवा पी और फिर घर में रखे कट्टे से खुद को गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया।जानकारी के मुताबिक, कैमरा गांव निवासी साहब सिंह गुर्जर (35) ने ‘हैप्पी’ नाम की कीटनाशक दवा पी, जिससे उल्टियां होने लगीं।
जब दर्द असहनीय हुआ, तो साहब सिंह ने घर में रखे कट्टे से अपनी छाती में गोली मार ली। गोली लगते ही मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर सराय छोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुरैना जिला अस्पताल के पीएम हाउस में शव लाया गया, जहां आज शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया।
शादी न होने से था मानसिक रूप से परेशान: परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक साहब सिंह की अब तक शादी नहीं हुई थी और इसी बात को लेकर वह अक्सर चिंतित रहता था। वह अक्सर मंदिर या रिश्तेदारों के यहां समय बिताता था। चार दिन पहले ही वह गांव लौटा था और घटना के वक्त घर पर अकेला था।
