
सागर। बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुंदेलखंड विश्वकोश योजना समिति ने अमेरिका के कैलिफोर्निया में बसे प्रवासी बुंदेलखंडी समाज के साथ संवाद स्थापित किया। यह ऑनलाइन संवाद श्रीनिवास लोहिया की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जो पिछले 45 वर्षों से अमेरिका में निवासरत हैं।
लोहिया ने बुंदेलखंड विश्वकोश के विकास एवं निर्माण के लिए कैलिफोर्निया से कुछ प्रोजेक्ट प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा, जिसका समिति के सभी सदस्यों ने स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती शशि दीक्षित द्वारा सरस्वती वंदना से हुआ। डॉ. सरोज गुप्ता ने विश्वकोश योजना की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि डॉ. मीना पिम्पलापुरे ने आशीर्वाद देते हुए परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव सचिन चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने भावी पीढ़ी के लिए बुंदेलखंडी सांस्कृतिक संरक्षण पर गंभीर विचार-विमर्श की आवश्यकता बताते हुए अप्रवासी बुंदेलखंडियों से सक्रिय सहभागिता और सहयोग का आह्वान किया। बैठक में राजकुमार गुप्ता ने आंशिक सहयोग की प्रतिबद्धता जताई, वहीं विजय गुप्ता, प्रवेश गुप्ता और अभिषेक सरावगी ने तकनीकी सहयोग देने की बात कही।
इस अवसर पर भारत और कैलिफोर्निया से जुड़े अनेक प्रतिभागियों ने विश्वकोश योजना को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव और सहयोग देने का संकल्प लिया।
