इंदौर: जीआरपी इंदौर कार्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रेल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया. इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी.इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर पद्म विलोचन शुक्ल ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस भारतीय संविधान की शक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों की याद दिलाता है.
उन्होंने कहा कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे जैसे संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है, वहीं पुलिस बल को संविधान के अनुरूप कार्य करते हुए जनता और यात्रियों की सेवा करनी चाहिए. समारोह के दौरान वर्ष 2025 में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर ज्योति शर्मा सहित कार्यालय में पदस्थ समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे.
