जबलपुर: ग्वारीघाट थाना अंतर्गत सुखसागर वैली पोलीपाथर में हुई एक करोड़ से अधिक की चोरी की गुत्थी सुलझाने में पुलिस की टीमें जुट गई है। थाने से लेकर क्राइम ब्रांच पतासाजी कर रही है। सीसीटीव्ही कैमरों को खंगालने के साथ संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा मामले में साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। वारदात के समय मौके पर कितने मोबाइल सक्रिय थे इसका भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि क्लू मिले है। जल्द ही अनसुलझी चोरी की वारदात को सुलझा लिया जायेगा।
विदित हो सागर वर्मा 38 वर्ष निवासी सुखसागर वैली पोलीपाथर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि थी वे ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है उसकी माता का स्वास्थ्य खराब होने से जबलपुर हास्पिटल में भर्ती है शुक्रवार को वह एवं उसकी पत्नी हास्पिटल के लिये गये थे घर के मेन दरवाजा में ताला लगा दिया था। जब वापिस लौटा तो दरवाजा का ताला टूटा पड़ा था अंदर जाकर देखा दोनों बेडरूम के आलमारी का ताला टूटा था पूरा सामान बिखरा हुआ था।
आलमारी में रखा लगभग 70 तोला सोना एवं 1 किलो चांदी, नगदी 6 लाख रूपये गायब थे। पडोसी के घर में लगे सीसीटीव्ही कैमरे मेें चार नकाबपोश कैद हो गए है। फुटेज के आधार पर पुलिस प्रकरण दर्ज कर पतासाजी कर रही है। इसके अलावा आसपास लगे कैमरों को भी चैक किया जा रहा है। साथ ही संदेहियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। पूर्व में चोरी की वारदातों में पकड़े गए बदमाशों को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया है। मौके से जुटाए गए फिंगर प्रिंट के जरिए भी अपराधियों के फिंगर प्रिंट मिलाये जा रहे है ताकि आरोपी पता लगाया जा रहा है। अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि चोरों ने रैकी के बाद वारदात को अंजाम दिया है।
