अलाइनमेंट बदला, दूरी घटी, लेकिन धार अब भी रेल सेवा से वंचित

इंदौर: छोटा उदयपुर-धार नई रेल लाइन परियोजना में अलाइनमेंट बदलने और कुल लंबाई 11 किलोमीटर घटने के बावजूद धार तक अब भी ट्रेन नहीं पहुंच पाई है. शॉर्टकट रूट तैयार होने और परियोजना छोटी होने के बाद भी जमीनी स्तर पर काम धार के हिस्से में अटका हुआ है. 20 साल से रेल कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे धार और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए यह परियोजना अब भी कागजों में आगे बढ़ती नजर आ रही है, जबकि स्टेशन पर सन्नाटा कायम है.

शिलान्यास के समय छोटा उदयपुर-धार रेल लाइन परियोजना की कुल लंबाई 157 किलोमीटर तय की गई थी, जिसे बाद में घटाकर 145.71 किलोमीटर कर दिया गया. रेलवे ने इंदौर-दाहोद और छोटा उदयपुर-धार रेल लाइन के जंक्शन को धार के बजाय तिरला में शिफ्ट करने का निर्णय लिया है. इससे जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया सरल होने और निर्माण कार्य में तेजी आने की बात कही जा रही है. परियोजना के तहत लगभग 102 किलोमीटर रेल लाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है. इसमें से करीब 72 किलोमीटर हिस्सा मध्य प्रदेश में आता है, लेकिन धार जिले में तिरला से टंडा रोड तक का करीब 43 किलोमीटर हिस्सा अब भी अधूरा है.

धार से झाबुआ तक का काम अधूरा
इंदौर-धार-दाहोद परियोजना के तहत धार से झाबुआ तक करीब 80 किलोमीटर रेल लाइन पर प्रगति नहीं हो पाई है, जिससे धार स्टेशन तक ट्रेन संचालन शुरू नहीं हो सका है. रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि तिरला से धार के बीच पहले प्रस्तावित रेल लाइन का भूभाग चुनौतीपूर्ण था, जिससे निर्माण में दिक्कतें आ रही थीं. इसी कारण जंक्शन बदलने का फैसला लिया हैं. रेलवे ने नए अलाइनमेंट के अनुसार कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली है और भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, हालांकि इसके पूरा होने की समय-सीमा स्पष्ट नहीं की गई है.

120 किलोमीटर घट जाएगी इंदौर से वड़ोदरा की दूरी
परियोजना पूरी होने पर इंदौर को धार और छोटा उदयपुर के रास्ते वडोदरा से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे इंदौर-वड़ोदरा की दूरी करीब 430 किलोमीटर से घटकर लगभग 310 किलोमीटर रह जाएगी और माल परिवहन व यात्री आवाजाही दोनों में तेजी आएगी. वेस्टर्न जोन के वड़ोदरा और रतलाम डिवीजन के साथ राज्य और जिला प्रशासन के समन्वय से इस परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय करने की जरूरत जताई जा रही है

Next Post

अब रियल टाइम होगी केस प्रॉपर्टी की निगरानी

Sun Jan 25 , 2026
इंदौर: गांधी नगर थाने में डिजिटल मालखाना शुरू कर दिया गया है, जिससे जब्त माल की सुरक्षा, निगरानी और रिकॉर्ड प्रबंधन अब पूरी तरह डिजिटल और रियल-टाइम हो सकेगा. डिजिटल इंडिया मिशन के तहत शुरू की गई इस व्यवस्था का शुभारंभ पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने किया. यह इंदौर […]

You May Like