सीहोर। शहर की प्यास बुझाने के लिए बनाई गई पार्वती नल-जल योजना अब नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है. करीब 45 साल पुरानी और जर्जर हो चुकी पाइपलाइनों के कारण शहर के कई वार्डों में नलों से गंदा, बदबूदार और मटमैला पानी सप्लाई हो रहा है. इससे हजारों लोगों के बीमार पड़ने का खतरा बढ़ गया है.
बीते कई दिनों से नगर के अनेक वार्डों में साफ पानी के बजाय कीचड़नुमा और दुर्गंधयुक्त पानी आ रहा है. पाइपलाइनों में जगह-जगह लीकेज होने के कारण नालियों, सीवर और गंदगी का पानी सीधे पेयजल लाइन में मिल रहा है. वार्ड क्रमांक 30 का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) सुधीर कुमार को स्थानीय रहवासियों ने नलों से निकल रहा मटमैला पानी दिखाया और वर्षों पुरानी क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की समस्या से अवगत कराया.
वार्डवासियों ने बताया कि कई पाइप नालियों के भीतर से होकर गुजर रहे हैं, जिससे नालियों का गंदा पानी पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पहुंच रहा है और लोग लगातार बीमार हो रहे हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार दूषित पेयजल से डायरिया, टायफाइड, पीलिया, उल्टी-दस्त और त्वचा रोग जैसी बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं. इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों की घटनाओं के बावजूद सीहोर प्रशासन द्वारा कोई ठोस सबक न लेना चिंता का विषय है.
नलों से गंदा पानी आने की शिकायत किसी एक वार्ड तक सीमित नहीं है. शहर के अधिकांश वार्डों में यही हालात हैं, जहां पानी में गंदगी के साथ पक्षियों के पंख और कीड़े तक मिल रहे हैं. लोगों का कहना है कि प्रशासन और नपा परिषद मानो किसी बड़ी महामारी का इंतजार कर रहे हैं, जबकि इस समस्या को लेकर वर्षों से लापरवाही बरती जा रही है.
गंदी नालियों में दबी पाइपलाइन, अस्थायी मरम्मत से बढ़ रहा खतरा
शहर के कई वार्डों में नल-जल योजना की पाइपलाइन नालियों के अंदर से गुजरी है और इन्हीं सर्विस लाइनों से घरों को कनेक्शन दिए गए हैं. लगभग 45 साल पुरानी ये लोहे की पाइपें जंग खा चुकी हैं, जगह-जगह पैबंद लगे हैं और बार-बार फूट रही हैं, जो इस व्यवस्था के तत्काल रिप्लेसमेंट की जरूरत को दर्शाता है. बावजूद इसके, केवल अस्थायी मरम्मत कर समस्या को टाला जा रहा है.
नलों से गंदा पानी आने के कारण लोगों को मजबूरी में टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है या दूर-दराज के हैंडपंप और कुओं से पानी लाना पड़ रहा है. हालांकि गुरुवार को निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने वार्डवासियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी जर्जर पाइपलाइनों को बदला जाएगा.
इनका कहना है
शहर के अधिकांश वार्डों में सर्विस लाईन बदलने का कार्य चल रहा है. कस्बा क्षेत्र के कुछ वार्डों में पानी गंदा आने की शिकायत मिलने पर जायजा लिया गया है. शीघ्र ही इन सर्विस लाईन को बदलते हुए समस्या का समाधान किया जाएगा. नपा शहरवासियों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने को प्रयासरत है और शीघ्र ही इस समस्या का भी समाधान करेंगे.
सुधीर कुमार ,
मुख्य नपा अधिकारी
