शासकीय कार्य में बाधा व राजस्व अमले से मारपीट करने वाले दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, जेल भेजे गए

सिंगरौली। थाना सरई पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, नायब तहसीलदार सहित राजस्व अमले के साथ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो आदतन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन तथा एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जनवरी की रात अवैध रेत परिवहन की सूचना पर नायब तहसीलदार सरई अमित कुमार मिश्रा अपने स्टाफ पटवारी विवेक मिश्रा, प्रविंद वैश्य सहित अन्य कर्मचारियों के साथ ग्राम घिरौली–गजराबहरा क्षेत्र में जांच के लिए पहुंचे थे। जांच के दौरान ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 66 ए 0951 अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पाया गया, जिसे राजस्व टीम द्वारा जप्त कर लिया गया।

वाहन जप्त कर लौटते समय ग्राम गजराबहरा निवासी धनेश उर्फ दादन गुप्ता (49 वर्ष) एवं विवेक गुप्ता (25 वर्ष) ने रास्ता रोककर ट्रैक्टर छुड़ाने का प्रयास किया। आरोपियों ने राजस्व अमले के साथ छीना-झपटी की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

इस गंभीर घटना की रिपोर्ट पर थाना सरई में बीएनएस की धारा 127(1), 121(1), 132, 221, 303(2), 296(बी), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Next Post

मैनिट में टेक्नोसर्च का आगाज, नवाचार और तकनीक का संगम

Thu Jan 22 , 2026
भोपाल। मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में मैफिक एक्स टेक्नोसर्च 2026 का पहला दिन नवाचार और तकनीक वित्त और साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रयोगों से शुरू हुआ। इस आयोजन में फिनिट के फिनस्पार्क में छात्रों ने वित्तीय खेलों के जरिए जीएसटी निवेश और कॉरपोरेट रणनीति जैसे विषयों को व्यवहारिक रूप […]

You May Like