हरारे, (वार्ता) बेन मेयस (191) और जोसेफ मूर्स (81) की शानदार आतिशी पारियों के बाद गेंदबाजेां के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने अंडर-19 विश्वकप के 17वें मुकाबले में स्कॉटलैंड को 252 रनों से शिकस्त दी।
405 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड को इंग्लैंड के गेंदबाजों ने 44.5 ओवरों 152 के स्कोर पर ढेर कर मुकाबला 252 रनों से अपने नाम किया। स्कॉटलैंंड के लिए फिनले कार्टर ने (34), मैक्स चैपलिन (22), थियो रॉबिन्सन (19), जेक वुडहाउस (18), थॉमस नाइट (13) और मनु सारस्वत 10 रन बनाकर आउट हुये। 45वें ओवर में कैलेब फाल्कनर ने राम शर्मा एक को आउटकर स्कॉटलैंड की पारी 152 के स्कोर पर अंत कर दिया। एथन रैमसे ने नाबाद 20 रन बनाये।
इंग्लैंड के लिए कैलेब फाल्कनर ने तीन विकेट लिये। मैनी लुम्सडेन और मैनी लम्सडेन, राल्फी अल्बर्ट को दो-दो विकेट मिले। एलेक्स ग्रीन, फरहान अहमद और ल्यूक हैंड्स ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और उसने 12 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। बेन डॉकिन्स (पांच) को फिनले जोन्स ने आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आये बेन मेयस ने जोसेफ मूर्स के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 188 रनों की साझेदारी हुई। 25वें ओवर में फिनले जोन्स ने शतक की ओर बढ़ रहे जोसेफ मूर्स को अपना शिकार बना लिया। जोसेफ मूर्स ने 65 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 81 रनों की पारी खेली। कप्तान थॉमस रेव (22) और कैलेब फाल्कनर (32) रन बनाकर आउट हुये।
46वें ओवर में मैक्स चैपलिन ने दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे बेन मेयस को आउटकर पवेलियन भेज दिया। बेन मेयस ने 117 गेंदों में 18 चौके और आठ छक्के उड़ाते हुए 191 रन बनाये। अगले ही ओवर में राल्फी अल्बर्ट 13 रन बनाकर आउट हुये। इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट पर 404 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। फरहान अहमद (15) और सेबेस्टियन मॉर्गन 25 रन बनाकर नाबाद रहे।
स्कॉटलैंड के लिए जेक वुडहाउस ने तीन विकेट लिये। फिनले जोन्स को दो विकेट मिले। मैक्स चैपलिन ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
