कटनी: शहर के प्रमुख एवं अत्यधिक व्यस्त मार्ग जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक मार्ग चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रातः राजस्व विभाग एवं नगर निगम प्रशासन की संयुक्त मौजूदगी में चिन्हित की गई 5 स्थायी संरचनाओं को हटाने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।नगर निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आवागमन को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाना है।
अभियान के दौरान मार्ग निर्माण में बाधा बन रही पांच स्थायी संरचनाओं को हटाया गया।नगर निगम के सहायक यंत्री सुनील सिंह ने बताया कि मार्ग चौड़ीकरण कार्य पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र में सड़क, नाली निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग सहित अन्य विकास कार्यों को सुचारु रूप से कराया जा सकेगा। इससे न केवल नगर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा, बल्कि आम नागरिकों को राहत मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यवसाय को भी मजबूती मिलेगी।
नगर निगम प्रशासन द्वारा संबंधित स्थानीय नागरिकों से अभियान में सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है। नगर विकास को दृष्टिगत रखते हुए बुधवार प्रातः से मार्ग पर स्थित चिन्हित अस्थायी संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई पुनः की जाएगी।इस दौरान राजस्व विभाग के अमले के साथ नगर निगम के सहायक यंत्री सुनील सिंह, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित नगर निगम का अतिक्रमण अमला उपस्थित रहा।
