परवीन बॉबी ने 1976 में टाइम मैगजीन के कवर पर जगह बनाकर इतिहास रचा और ऐसा करने वाली पहली भारतीय एक्ट्रेस बनीं। परवीन बॉबी ने अमिताभ बच्चन संग कई हिट फिल्में दीं।
बॉलीवुड की चमक-दमक भरी दुनिया में परवीन बॉबी का नाम आज भी ग्लैमर, स्टाइल और बेबाक अदाकारी का प्रतीक माना जाता है। 70 और 80 के दशक में उन्होंने न सिर्फ अपने लुक्स से, बल्कि सशक्त महिला किरदारों से भी दर्शकों का ध्यान खींचा। खास तौर पर अमिताभ बच्चन के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं, जो आज भी क्लासिक मानी जाती हैं।
परवीन बॉबी का जन्म 4 अप्रैल 1949 को गुजरात के जूनागढ़ में हुआ था। पढ़ाई में अव्वल रहने वाली परवीन ने इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया और शुरुआत में मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। 1973 में फिल्म ‘चरित्र’ से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया। हालांकि यह फिल्म ज्यादा सफल नहीं रही, लेकिन उनकी खूबसूरती और आत्मविश्वास ने फिल्ममेकर्स का ध्यान जरूर खींचा। इसके बाद ‘मजबूर’ जैसी फिल्म ने उनके करियर को नई दिशा दी।
