शत्रुजीत कपूर ने आईटीबीपी के महानिदेशक का पदभार संभाला

नई दिल्ली। शत्रुजीत कपूर, आईपीएस (हरियाणा कैडर : 1990) ने आज पूर्वाह्न से भारत–तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने यह जिम्मेदारी प्रवीण कुमार, आईपीएस से संभाली, जिन्हें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

इस अवसर पर आईटीबीपी मुख्यालय में एक संक्षिप्त औपचारिक समारोह आयोजित किया गया, जहां परंपरागत रूप से बैटन का विधिवत हस्तांतरण किया गया।

आईटीबीपी का नेतृत्व संभालने से पूर्व शत्रुजीत कपूर ने अपने मूल कैडर हरियाणा में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। वे पुलिस महानिदेशक एवं राज्य पुलिस बल के प्रमुख रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक, हरियाणा की विद्युत वितरण कंपनियों यूएचबीवीएन और डीएचबीवीएन के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी), सीआईडी प्रमुख तथा राज्य अपराध शाखा के प्रमुख जैसे दायित्वों का निर्वहन किया है।

अपने लगभग 35 वर्षों के गौरवपूर्ण सेवाकाल में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना मिशन (कोसोवो) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शत्रुजीत कपूर को संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना पदक (बार सहित), सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक तथा विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

Next Post

भारतीय T20 टीम के सितारे जंगल सफारी के लिए पेंच टाइगर रिजर्व पहुंचे

Mon Jan 19 , 2026
सिवनी। 21 जनवरी से भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी 20 सीरीज होनी है… इससे पहले T20 टीम के कुछ खिलाड़ी सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व में सफारी करने पहुंचे…T20 क्रिकेट टीम के कप्तान खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, संजू सैमसन, ईशान किशन और रवि बिश्नोई सिवनी स्थित पेंच […]

You May Like