भोपाल। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के नेतृत्व में मध्यप्रदेश का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, डावोस में सहभागिता के लिए स्विट्ज़रलैंड के ज़्यूरिख़ पहुँच गया है। डेलीगेशन के आगमन के साथ ही वैश्विक मंच पर मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
प्रतिनिधिमंडल में अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह और जनसंपर्क आयुक्त दीपक सक्सेना शामिल हैं। डावोस में होने वाले संवाद के दौरान राज्य की नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा नीति, औद्योगिक अवसर, निवेश अनुकूल वातावरण और सतत विकास के दृष्टिकोण को वैश्विक निवेशकों व उद्योग जगत के सामने रखा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कंपनियों और नीति निर्माताओं के साथ बैठकें कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेगा, जिससे मध्यप्रदेश को नई परियोजनाएं और रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
