सारनी। अभिषेक समिति द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया श्री श्री 1008 बाबा मठारदेव तलहटी मंदिर परिसर में मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध बाबा मठारदेव मेले के अंतर्गत श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अनुपम दृश्य देखने को मिला। 14 जनवरी से प्रारंभ इस मेले में देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु बाबा मठारदेव के दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं। भंडारे में श्रद्धालुओं को पूरी, सब्जी, खिचड़ी एवं हलवे की प्रसादी श्रद्धापूर्वक वितरित की गई। “बाबा मठारदेव की जय” के गगनभेदी जयकारों के बीच भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि अभिषेक समिति द्वारा यह भंडारा लगातार चौथे वर्ष आयोजित किया गया है। समिति की धार्मिक आस्था और सेवा भावना का यह सिलसिला वर्षों से निरंतर जारी है। अभिषेक समिति विगत 17 वर्षों से प्रत्येक सोमवार को प्रातः 5 बजे शिखर मंदिर स्थित शिवलिंग का विधिवत अभिषेक करती आ रही है, जिसमें दूध, दही एवं पंचामृत से भगवान शिव का अभिषेक किया जाता है।
भंडारे के सफल आयोजन एवं प्रसादी वितरण में समिति के सदस्यों महेश चौहान, सुधा बोरपी, नन्हेलाल चंद्रवंशी, गजेंद्र ‘सोनू’ सोनी, हेमराज रखसेले, हरिओम यादव, शंकर साहू, हिमांशु साहू, उदय साहू, गुनु सहित अन्य सदस्यगणों का विशेष योगदान रहा।
श्रद्धालुओं ने अभिषेक समिति के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे सच्ची भक्ति और मानव सेवा का प्रतीक बताया। बाबा मठारदेव मेले में ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से क्षेत्र का आध्यात्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया है।
