जबलपुर: शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल घमापुर चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल बंद होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों के कारण चौराहे पर लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। वाहन चालकों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं अव्यवस्थित ट्रैफिक के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक किसी बड़े हादसे या लंबे जाम की स्थिति नहीं बनती, तब तक यातायात विभाग इस ओर ध्यान नहीं देता। सिग्नल सुधार और पुलिस की तैनाती न होने से कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
सिग्नल बंद होने से बढ़ी अफरा-तफरी
घमापुर मुख्य चौराहे का ट्रैफिक सिग्नल लंबे समय से खराब और बंद पड़ा हुआ है। जैसे ही चारों ओर से वाहन चौराहे पर पहुंचते हैं, उन्हें आगे बढ़ने का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिल पाता। नतीजतन वाहन आपस में फंस जाते हैं और चौराहे पर अव्यवस्था फैल जाती है। कई बार स्थिति इतनी बिगड़ जाती है कि पूरा चौराहा तितर-बितर नजर आता है और जाम लग जाता है।
ऑटो, ई- रिक्शा चालकों की धमाचौकड़ी
चौराहे पर ऑटो और ई- रिक्शा चालकों की धमाचौकड़ी के कारण भी आने जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा घमापुर जैसे व्यस्त चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती कभी- कभी ही देखने को मिलती है। साथ ही पुलिसकर्मियों की गैरहाजिरी के कारण वाहन चालक मनमाने तरीके से वाहन निकालने की कोशिश करते रहे, जिससे अव्यवस्था और बढ़ गई।
इनका कहना है
यातायात घमापुर के सिपाही दो शिफ्ट में चौराहे पर तैनात रहते हैं, चौराहा छोटा है इसलिए कई सुबह और शाम ऑफिस, स्कूल आने जाने वाले राहगीरों के दबाव से यहां जाम की स्थिति बन जाती है। ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था बनाने में हमेशा यहां पर मौजूद रहती है।
शशि धुर्वे, थाना प्रभारी
यातायात घमापुर
