भोपाल: रेलवे ने बिना अनुबंध के स्टेशन परिसर में मौजूद अनधिकृत वेंडरों पर रविवार को कड़ी कार्रवाई की. इस दौरान बीना, भोपाल और इटारसी रेलवे स्टेशनों से 32 वेंडर पकड़े गए. भोपाल मंडल में यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ एवं किफायती खानपान सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. यह अभियान 09 जुलाई से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के नेतृत्व में प्रारंभ किया गया है, जिसमें रेलवे स्टेशन परिसरों एवं ट्रेनों में अनुशासनहीन, अनधिकृत एवं अव्यवस्थित खानपान गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
अभियान के अंतर्गत वाणिज्य विभाग की टीम द्वारा स्टेशनों पर औचक निरीक्षण कर विभिन्न बिंदुओं पर सख्त कार्रवाई की गई. इनमें बिना अनुबंध स्टेशन परिसर में मौजूद अनधिकृत वेंडरों की पहचान, अनुबंधित स्टालों द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूली, ‘जनता खाना’ की अनुपलब्धता, स्टाल की निर्धारित सीमा से आगे फैलाव कर यात्रियों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करना, अनधिकृत गतिविधियां, स्टेशन के बाहरी क्षेत्र में अवैध वेंडिंग, ट्रेनों में पैंट्री कार की निगरानी तथा बिना यूनिफॉर्म या आईडी कार्ड के गंदे कपड़ों में कार्यरत वेंडरों की पहचान शामिल है.
