इंदौर: गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित स्काय प्रथम, सुपर कॉरिडोर पर एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर जान देने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. मामले में मायके पक्ष ने दहेज को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. गांधी नगर थाना प्रभारी अनिल यादव के अनुसार मुस्कान पति अश्विन प्रजापत, उम्र 24 वर्ष अपने पति के साथ स्काय प्रथम परिसर में रहती थी.
उसके विवाह को करीब चार वर्ष ही हुए थे. मृतका का एक छोटा बेटा भी है. घटना के समय घर में क्या परिस्थितियां थीं, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है. मृतका का मायका देवास जिले का बताया जा रहा है. सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग इंदौर पहुंचे और आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही मुस्कान को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. परिजनों का कहना है कि सास, ननद और पति द्वारा लगातार दबाव बनाया जाता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी.
परिजनों ने आशंका जताई कि इसी प्रताडऩा के चलते उसने यह कदम उठाया. पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी. मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, उसके आधार पर ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जाएगी.
