ब्राजील सुप्रीम कोर्ट ने आरोपों को खारिज करने के पूर्व राष्ट्रपति के प्रयास को किया खारिज

ब्रासीलिया, 26 मार्च (वार्ता) ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो पर वर्ष 2022 के चुनाव परिणामों को पलटने की साजिश रचने के आरोपों को खारिज करने के प्रयास को सर्वसम्मति से खारिज कर दिया।

श्री बोल्सोनारो और सात अन्य पर राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा से हारने के बाद उन्हें सत्ता में बनाए रखने की योजना बनाने का आरोप है।

बचाव पक्ष के वकीलों ने तर्क दिया कि उनके मुवक्किलों को महत्वपूर्ण सबूतों तक पहुँच से वंचित रखा गया और उन्हें राजनीतिक रूप से प्रेरित जाँचों का निशाना बनाया गया। उन्होंने अदालत के अधिकार क्षेत्र को भी चुनौती दी और कहा कि आरोपों को अलग-अलग मामलों में विभाजित किया जाए।

मामले पर सुनवाई कर रहे न्यायमूर्ति एलेक्जेंडर डी मोरेस ने कहा कि बचाव पक्ष के पास सबूतों तक पूरी पहुँच थी और उन्होंने दावों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया। पांच न्यायाधीशों के पैनल ने सभी प्रस्तावों को खारिज कर दिया।

अदालत ने मामले से तीन न्यायाधीशों को हटाने के अनुरोधों को भी अस्वीकार कर दिया और मामले को संभालने के लिए पैनल के अधिकार की पुष्टि की।

श्री बोल्सोनारो ने सुबह के सत्र में कुछ समय के लिए भाग लिया, लेकिन मीडिया से बात किए बिना चले गए।

गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति 2019-2023 तक पद पर थे। मामले में नामित अन्य लोगों में उनके शासन के दौरान पूर्व सैन्य कमांडर और पूर्व सुरक्षा प्रमुख शामिल हैं।

अटॉर्नी जनरल पाउलो गोनेट द्वारा फरवरी में दायर किए गए आरोपों में श्री बोल्सोनारो पर एक ऐसे समूह का नेतृत्व करने का आरोप लगाया गया है जिसने कथित तौर पर उनकी चुनावी हार के बाद तख्तापलट की कोशिश की योजना बनाई थी। अभियोजकों का कहना है कि समूह ने चुनाव को पलटने और बोल्सोनारो को पद पर बनाए रखने की साजिश रची।

अदालत बुधवार को आरोपों की समीक्षा जारी रखेगी और अगर आरोप स्वीकार किए जाते हैं, तो प्रतिवादियों पर मुकदमा चलेगा।

Next Post

अमेरिकी सेना ने यमन के सादा प्रांत पर हवाई हमले किये

Wed Mar 26 , 2025
सना, 26 मार्च (वार्ता) अमेरिकी सेना ने मंगलवार रात यमन के उत्तरी सादा प्रांत पर दो हवाई हमले किये। हूती संचालित अल-मसीरा टीवी ने यह जानकारी दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि हमलों का लक्ष्य सादा के मध्य में सहर जिला था, लेकिन कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई। […]

You May Like