
सीधी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 सीधी- रीवा में शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर नकटा नाला के संकीर्ण पुल में आज शाम करीब 7.10 बजे तेज रफ्तार बस एवं बाइक की भिड़ंत में दो बाइक सवारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं तीसरे बाइक सवार को गंभीर रूप से घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान बाइक पूरी तरह से बस के अगले हिस्से में बीच में घुस गई थी। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों का बवाल शुरू हो गया तथा बस में पत्थर बरसाने से शीशे चकनाचूर हो गये। सूचना पाकर जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी। घायल एवं शवों को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भेजा गया। बताया गया है कि कृष्णा बस क्रमांक एमपी 17 पी 1250 सिंगरौली से दोपहर 1.30 बजे सतना के लिए रवाना होती है। सीधी से यह बस शाम करीब 7 बजे सतना के लिए रवाना हुई थी। 10 मिनट बाद ही यह सड़क हादसा हो गया। बस चालक गुड्डू कोल निवासी सतना का बताया गया है। वही दो मृतक जमोड़ी थाना अंतर्गत पनवार सेंगरान एवं एक मृतक रामपुर नैकिन थानांतर्गत ग्राम भितरघात का हैं जो हादसे के वक्त संभवतः मकर संक्रांति मेले से बाइक क्रमांक एमपी 53एमएफ 7965 से घर लौट रहे थे। मृतकों की शिनाख्त
दीपक कोल पिता होडिला कोल 17 वर्ष निवासी पनवार सेंगरान, आशीष पिता पिंटू कोल 20 वर्ष पनवार सेंगरान और मोहित कोल पिता ललवा कोल 22 वर्ष निवासी भितरी थाना रामपुर नैकिन के रूप में की गई है। शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार को सुबह होगा।
