
इंदौर: राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने रिश्तों की मर्यादा तोड़ दी. दो प्लॉटों में से एक को बेचने की बात को लेकर सगे भाइयों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि बड़े भाई ने छोटे भाई के साथ सरेराह न सिर्फ गाली गलौज की, बल्कि बेरहमी से मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
राजेंद्र नगर थाना प्रभारी निरज बिरथरे ने बताया कि मामला अमर पैलेस कॉलोनी का है.
यहां रहने वाले विजय शर्मा ने अपने बड़े भाई जितेंद्र शर्मा के खिलाफ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. फरियादी ने बताया कि उनके परिवार के पास दो प्लॉट हैं, जिनमें से एक प्लॉट को बेचने को लेकर चर्चा चल रही थी. इसी बात को लेकर बड़े भाई से विवाद शुरू हुआ. फरियादी ने पुलिस को यह भी बताया कि जैसे ही प्लॉट बेचने की बात सामने आई, आरोपी भाई आपे से बाहर हो गया और सरेआम गाली गलौज करने लगा. जब विजय शर्मा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने लात घूंसों से हमला कर दिया.
मारपीट इतनी गंभीर थी कि आसपास मौजूद लोगों को बीच बचाव करना पड़ा. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह बुरी तरह डर गया. घटना के बाद घायल अवस्था में वह सीधे थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बड़े भाई के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. मामले में दोनों पक्ष सगे भाई हैं और विवाद संपत्ति को लेकर है. मामले की जांच की जा रही है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
