श्यामपुर। संभाग आयुक्त संजीव सिंह ने तहसील में मतदाता सूची के एसआईआर के कार्यों का निरीक्षण किया और कार्यों की समीक्षा की.
उन्होंने अब तक की गई प्रगति, फील्ड स्तर के सत्यापन कार्य, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की स्थिति तथा डिजिटल एंट्री की गुणवत्ता की जानकारी ली व निर्देश दिए कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की नींव है, इसलिए एसआईआर के कार्य में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए. विशेष रूप से नो-मैपिंग वाले मतदाताओं के प्रकरणों पर ध्यान देते हुए कहा कि ऐसे सभी मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस समय-सीमा में तामील कराए जाएं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से सूची से न हटे और अपात्र प्रविष्टियों का समय रहते निराकरण हो सके.
संभागायुक्त श्री सिंह ने यह भी निर्देश दिए कि घर-घर सत्यापन के दौरान मृत, स्थानांतरित एवं दोहरे नामों की पहचान सावधानीपूर्वक की जाए और दस्तावेजों का परीक्षण गंभीरता से हो. सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. इसदौरान अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, तहसीलदार श्याम चंदेले व अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
