इंदौर: मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 10 जनवरी से स्वच्छ जल अभियान का शुभारंभ किया गया है. उक्त अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नागरिकों की जल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से नगर निगम इंदौर द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. अभियान के अंतर्गत 13 जनवरी से नगर निगम क्षेत्र के समस्त 85 वार्डों में स्थित पेयजल टंकियों पर प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जल सुनवाई आयोजित की जाएगी.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि नगर निगम द्वारा सभी 85 वार्डों में जल सुनवाई हेतु स्थल निर्धारित किए गए हैं, जहां नागरिक अपनी जलप्रदाय से संबंधित समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सीधे दर्ज करा सकेंगे. जल सुनवाई के दौरान प्राप्त समस्त आवेदनों एवं शिकायतों को संकलित कर संबंधित अपर आयुक्त / कार्यपालन यंत्री (जलप्रदाय) को अवगत कराया जाएगा.
जो प्रकरण झोन स्तर पर निराकृत किए जा सकते हैं, उनका निराकरण संबंधित झोन द्वारा किया जाएगा, वहीं जिन प्रकरणों का समाधान मुख्यालय स्तर से आवश्यक होगा, उन्हें तत्काल आवश्यक कार्यवाही हेतु मुख्यालय प्रेषित किया जाएगा. इसके साथ ही झोन स्तर से प्राप्त जल सुनवाई संबंधी प्रकरणों का निराकरण कार्यपालन यंत्री, जलप्रदाय द्वारा अपर आयुक्त, जलप्रदाय को अवगत कराते हुए नियमानुसार कराया जाएगा, जिससे शिकायतों का पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके. महापौर व निगम आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस जल सुनवाई में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी जल संबंधी समस्याओं से नगर निगम को अवगत कराएं तथा स्वच्छ जल अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें.
