
सीधी। स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिले भर में सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 के खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारतीय अध्यात्म और संस्कृति के महान प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का युवाओं के नाम संदेश भी प्रसारित हुआ, जिसमें उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम को नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में जिले के समस्त स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में एक साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कराया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि जीवन में किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्वस्थ शरीर का होना अत्यंत आवश्यक है। योग और प्राणायाम न केवल शरीर को निरोग रखते हैं बल्कि मन में ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद शारीरिक स्वास्थ्य को विशेष महत्व देते थे और उनका मानना था कि स्वस्थ शरीर से ही आत्मिक और बौद्धिक उन्नति संभव है।
सांसद डॉ.मिश्रा ने सूर्य नमस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे आयु, बल और ऊर्जा की प्राप्ति होती है तथा बुद्धि और चेतना का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे प्रतिदिन सुबह अपने कार्य की शुरुआत सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम से करें और स्वामी विवेकानंद
के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण एवं विश्व कल्याण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवा शक्ति की क्षमता को पहचाना है और ज्ञान के साथ ध्यान के मार्ग को आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री दोनों का संदेश है कि योग को जीवन में उतारकर ही तन, मन और विचारों का संतुलित विकास संभव है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को योग, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
००
जिला स्तरीय कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसद डॉ.राजेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी गोपदबनास राकेश शुक्ला, उप पुलिस अधिकारी अमन मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी पवन सिंह, जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा, अतिरिक्त परियोजना समन्वयक डॉ.सुजीत मिश्रा, जिला संस्कृत प्रभारी सतीश पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
