सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इन ड्रोनों का इस्तेमाल सीमा पर भारतीय सेना की पोजीशन जानने या फिर आतंकियों के लिए हथियार और नशीले पदार्थ गिराने के लिए किया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर में एलओसी के पास एक बार फिर से कई ड्रोन देखे गए, जिनमें से एक पर भारतीय सेना ने गोलीबारी की। सूत्रों के मुताबिक, ये ड्रोन भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे। जैसे ही तैनात सैनिकों ने आसमान में इन ड्रोन को देखा, उन्होंने तुरंत अलर्ट हो गए और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। भारत-पाक सीमा पर नौ ड्रोन देखे गए, जिनमें से अधिकांश नौशेरा सेक्टर में नजर आए।
राजौरी जिले में शाम 6:35 बजे एक और ड्रोन देखा गया, जो टिमटिमाती रोशनी के साथ कलाकोट के धर्मसाल गांव से आया और भरख की दिशा में चला गया। इसके बाद शाम 7:15 बजे सांबा के रामगढ़ सेक्टर के चक बाबराल गांव के ऊपर एक ड्रोन कुछ मिनटों तक मंडराता रहा। इसी दौरान, शाम 6:25 बजे पुंछ जिले के नियंत्रण रेखा के पास मनकोट सेक्टर में भी एक ड्रोन जैसी वस्तु देखी गई।
