सीहोर जिले की गौशालाओं की स्थिति चिंताजनक, चारा-पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी

सीहोर। जिले में संचालित गौशालाओं की स्थिति को लेकर चिंताजनक तथ्य सामने आए हैं. कई गौशालाओं में गौवंश के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल और समुचित देखभाल की व्यवस्था नहीं पाई गई है. कुछ स्थानों पर मवेशियों में कुपोषण और बीमारियों के लक्षण भी देखे गए हैं.

जानकारी के अनुसार जिले में दर्जनों गौशालाएं संचालित होना बताया जाता है, लेकिन कई जगह व्यवस्थाएं अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं हैं. कहीं भवन जर्जर अवस्था में हैं तो कहीं गौवंश को खुले आसमान के नीचे रहना पड़ रहा है. चारे की मात्रा और गुणवत्ता को लेकर भी समस्याएं सामने आई हैं। कई गौशालाओं में नांद खाली पाई गई, जबकि पानी की नांद में लंबे समय से पानी बदला नहीं गया था.

ग्राम मोगराराम स्थित एक गौशाला के निरीक्षण के दौरान गौवंश की देखरेख से जुड़ी कमियां देखने को मिलीं. वहां एक मृत गौवंश पाया गया, वहीं एक अन्य गौवंश की आंख में गंभीर घाव था. चारा और स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी.

जिले की अधिकांश गौशालाओं में पशु चिकित्सा सेवाओं की नियमित उपलब्धता नहीं होने से बीमार मवेशियों के उपचार में विलंब की स्थिति बन रही है. कुछ स्थानों पर मृत पशुओं के निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने से संक्रमण की आशंका भी जताई जा रही है.

सूत्रों के अनुसार कुछ गौशालाएं केवल कागजी रूप से संचालित बताई जाती हैं. जिन स्थानों पर गौशाला होने की जानकारी है, वहां या तो बहुत कम गौवंश पाया गया या फिर संचालन से जुड़ी गतिविधियां सीमित नजर आईं. निरीक्षण की कमी के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित होने की बात कही जा रही है.

गौरतलब है कि गौशालाओं के संचालन के लिए शासन द्वारा प्रति गौवंश निर्धारित राशि उपलब्ध कराई जाती है. ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर नियमित निरीक्षण और निगरानी के माध्यम से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की आवश्यकता बताई जा रही है, ताकि गौवंश के संरक्षण और देखभाल से जुड़ी सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें.

 

 

Next Post

कहीं रोजाना, कहीं सप्ताह में एक बार होगी पानी की जांच

Mon Jan 12 , 2026
राजगढ़/ब्यावरा। नागरिकों को शुद्ध व गुणवत्ता युक्त पेयजल उपलब्ध कराने जल सुरक्षा, जल सुनवाई हेतु कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में नगरीय निकायों द्वारा निकाय के कर्मचारियों की तैनाती की गई है. राजगढ़ में प्रतिदिन सैम्पल लेकर पानी की गुणवत्ता की जांच की जाएगी, जबकि ब्यावरा में नपा […]

You May Like