
सौसर। औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी श्रमिकों की जान पर भारी पड़ रही है। क्षेत्र की कंपनियों में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिन पूर्व केजेवी कंपनी में हुए हादसे के बाद, आज शनिवार को गुलशन कंपनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ बॉयलर की सफाई के दौरान एक श्रमिक की मशीन के बेल्ट में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई।
मशीन के बेल्ट में फंसने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, लोधीखेड़ा थाना अंतर्गत कबर पिपला निवासी 52 वर्षीय धनराज गुजवार शनिवार को गुलशन कंपनी में बॉयलर की सफाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर गए और सीधे चलती मशीन के बेल्ट की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि मशीन में बुरी तरह फंसने के कारण धनराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सुरक्षा संसाधनों के अभाव का आरोप
कंपनी के भीतर काम कर रहे अन्य श्रमिकों के बीच इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि मृतक बिना किसी पुख्ता सुरक्षा संसाधनों के इतनी जोखिम भरी जगह पर काम कर रहा था। आरोप है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों में बरती जा रही लापरवाही के कारण ही श्रमिक की जान गई है।
परिजनों का फूटा गुस्सा, मौके पर भारी पुलिस बल
हादसे की खबर जैसे ही गांव में फैली, मृतक के परिजन और कबर पिपला के ग्रामीण बड़ी संख्या में कंपनी परिसर पहुंच गए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांग कि मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए। एवं परिवार के एक सदस्य को स्थाई नौकरी दी जाए। वही स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
विधायक विजय चौरे ने दिया समर्थन, धरने पर बैठे
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक विजय चौरे भी कंपनी परिसर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विधायक चौरे ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए और स्पष्ट किया कि जब तक मृतक के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, आंदोलन जारी रहेगा। इधर टिआई एबी मर्सकोले का कहना है कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है। मामले की जांच की जा रही है।
