
भोपाल। चुना भट्टी थाना पुलिस ने 23 वर्षीय छात्रा प्रिया की हत्या के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस जांच में यह सामने आया है कि प्रिया और उसके साथी युवक तुषार के बीच में प्रेम-प्रसंग चल रहा था. प्रिया की मौत को लेकर यह जानकारी सामने आई है कि उसे छत से धकेला गया था. इसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
सामने आ रही जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक कपिल तुषार को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं. प्रिया के मोबाइल फ़ोन और सीसीटीवी फुटेज से कई राज का खुलासा हो सकता है. पुलिस ने इस हत्या के मामले में कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर अबतक पूछताछ की है. सूत्रों से मिली सूचना के अनुसार तुषार को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम ने खंडवा में डेरा डाला है.
बता दें कि बीते बुधवार को जेपी अस्पताल में इलाज के दौरान प्रिया की मौत हो गई. चूना भट्टी पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराने वाला आरोपी तुषार मौके से फरार हो गया था. प्रिया एक कॉलेज की छात्रा थी और तुषार के साथ ही उसे आखिरी बार देखा गया था. तुषार ही प्रिया को इलाज के लिए जेपी अस्पताल लेकर पहुंचा था. प्रिया के शव पर चोट के निशान भी देखे गए थे. उसके चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोट के निशान मिले थे. प्रिया के परिजनों ने भी तुषार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले में पुलिस जांच जारी है.
