भिंड में गर्माया इंदौर की मौतों का मामला, कांग्रेस ने कहा- दूषित पानी से मौतों के लिए बीजेपी सरकार जिम्मेदार

भिंड। भिंड में इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से मौतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया उर्फ पिंकी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि इंदौर में दूषित पानी पीने से 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 100 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। लगभग 2000 लोग दूषित जल से प्रभावित हुए हैं।

भदौरिया ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान में इंदौर लगातार करीब 9 बार पहले स्थान पर रहा है, लेकिन इस घटना ने स्वच्छ भारत अभियान और हर घर जल योजना की पोल खोल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर में पाइपलाइन बदलने के ठेके का अप्रूवल 22 जुलाई 2022 को मिल चुका था, लेकिन अब तक काम नहीं हुआ। इससे साफ है कि कट-कमीशन के चलते काम रोका गया, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि इंदौर के अलावा गांधीनगर में भी टाइफाइड फैलने की खबरें हैं। इंदौर की घटना पर जब पत्रकारों ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से सवाल पूछे, तो उन्होंने “फोकट” और “घंटा” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर पत्रकारों की गरिमा का हनन किया। यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री तक इस गंभीर घटना को लेकर संवेदनशील नहीं हैं।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन सवाल पूछना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को दी जा रही 2 लाख रुपये की सहायता राशि को कम बताते हुए इसे कम से कम 5 लाख रुपये करने की मांग की।

Next Post

श्योपुर-पाली हाइवे पर हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

Sat Jan 10 , 2026
श्योपुर। श्योपुर-पाली हाईवे पर बगडुआ गांव के पास सड़क किनारे पड़े गिट्टियों के ढेर से बाइक फिसलने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सोंईकलां निवासी रिंकू मीणा और लोकेश माहोर भोगिका से बाइक से लौट रहे थे। बगडुआ गांव […]

You May Like