
श्योपुर। श्योपुर-पाली हाईवे पर बगडुआ गांव के पास सड़क किनारे पड़े गिट्टियों के ढेर से बाइक फिसलने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सोंईकलां निवासी रिंकू मीणा और लोकेश माहोर भोगिका से बाइक से लौट रहे थे। बगडुआ गांव के पास सड़क पर फैली गिट्टियों पर बाइक फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को श्योपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने रिंकू मीणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, लोकेश माहोर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
