इंदौर:एरोड्रम थाना क्षेत्र की पल्हर नगर 60 फीट रोड पर देर रात बदमाशों ने डेयरी संचालक और उसके बेटों पर जानलेवा हमला कर दिया. फ्री में मिठाई नहीं देने की बात पर हुए विवाद में बदमाशों ने पहले गाली गलौज की और फिर उस्तरे से हमला कर डेयरी संचालक के गले पर वार कर दिया. हमले में उनके दोनों बेटे भी गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना रात करीब 10 बजे कृष्णा डेयरी पर हुई. उस वक्त डेयरी संचालक मोहनलाल गुर्जर अपनी दुकान पर बेटे अंकित गुर्जर और नितिन गुर्जर के साथ मौजूद थे. इसी दौरान सुजल नाम का युवक डेयरी पर मिठाई लेने पहुंचा और भुगतान करने से इनकार करने लगा। विरोध करने पर वह गाली गलौज करते हुए वहां से चला गया. कुछ देर बाद सुजल अपने साथियों के साथ वापस लौटा और डेयरी पर हमला शुरू कर दिया.
विवाद बढ़ने पर सुजल पास में स्थित एक हेयर सैलून में घुसा और वहां से उस्तरा उठाकर लाया. उसने मोहनलाल के गले पर उस्तरे से वार कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ हो गए. बीच बचाव करने पहुंचे दोनों बेटों पर भी बदमाशों ने हमला कर दिया. नितिन के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अंकित भी बुरी तरह घायल हुआ है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर जांच शुरू की.
राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल 60 फीट रोड स्थित एसएचके अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया है. पुलिस ने अंकित पिता मोहनलाल गुर्जर की शिकायत पर मुख्य आरोपी सुजल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. बताया जा रहा है कि हमलावरों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं. परिजनों का आरोप है कि आरोपी आए दिन फ्री में मिठाई और रबड़ी मांगता था.
विवाद से बचने के लिए पहले उसकी हरकतों को नजरअंदाज किया जाता रहा. कुछ दिन पहले भी फ्री मिठाई नहीं देने पर दुकान में तोड़फोड़ की गई थी, लेकिन तब मामला दबा दिया. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में डेयरी संचालकों और परिचितों का अस्पताल में जमावड़ा लग गया. मामले में पुलिस जांच कर रही है
