
शिवपुरी। माधव नेशनल पार्क शिवपुरी के जोनल प्लान के संबंध में संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तार से समीक्षा की और दिशा-निर्देश दिए। बैठक में शिवपुरी कलेक्टर ऑनलाइन शामिल हुए। इसके साथ ही समीक्षा बैठक में वन संरक्षक शिवपुरी श्रीवास्तव, उप संचालक माधव नेशनल पार्क हरिओम, सीईओ जिला पंचायत शिवपुरी विजय राज, संयुक्त संचालक टाउन एण्ड कंट्री प्लानिंग कुशवाह सहित विभागीय अधिकारी शामिल हुए।
माधव नेशनल पार्क के मास्टर प्लान के लिये निर्धारित एजेंसी द्वारा बेसलाइन सर्वे पूर्ण कर शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर शासन द्वारा कुछ बिंदुओं पर जानकारी भी चाही गई थी। बेसलाइन सर्वे के पश्चात माधव नेशनल पार्क का बफरजोन एरिया बढ़ाया गया है। इस कारण नए सिरे से बढ़ाए गए एरिया का बेसलाइन सर्वे किया जाना आवश्यक है। वर्ष 2017 में माधव नेशनल पार्क के ईकोसेंसेटिव जोन के लिये बेसलाइन सर्वे करने का कार्य कराया गया था। मार्च 2025 में माधव नेशनल पार्क के बफर एरिया का विस्तार किया गया है। वर्तमान में 1776 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र हो गया है। इस सम्पूर्ण क्षेत्र का बेसलाइन सर्वे किया जाना आवश्यक है।
संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने नगरीय निकाय एवं जिला पंचायत के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जो क्षेत्र बढ़ा है उन क्षेत्रों के सभी गाँवों में बैठकें आयोजित कर वहां के निवासियों को ईकोसेंसेटिव जोन एवं मास्टर प्लान के संबंध में जानकारी दी जाए। माधव नेशनल पार्क के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सम्पूर्ण एरिया में आने वाले ग्रामों की सूची भी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
