
सौसर। सौसर के बोरगांव औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कंपनियों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को क्षेत्र की केजेवी कंपनी में एक बड़ा हादसा सामने आया, जहाँ सोलर पैनल की सफाई के दौरान एक मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में मजदूर को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए तत्काल महाराष्ट्र के सावनेर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षा उपकरणों का अभाव बना हादसे का कारण
जानकारी के अनुसार, घायल मजदूर का नाम गोविंदा तांडम है। वह केजेवी कंपनी के परिसर में काफी ऊंचाई पर स्थित सोलर पैनलों की सफाई का कार्य कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, काम के दौरान मजदूर ने किसी भी प्रकार के सुरक्षा उपकरण जैसे सेफ्टी बेल्ट या हेलमेट का उपयोग नहीं किया था। कंपनी प्रबंधन द्वारा बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के मजदूर को इतनी ऊंचाई पर काम पर लगा दिया गया, जिसके चलते संतुलन बिगड़ने पर वह सीधे जमीन पर आ गिरा। जानकारों के मुताबिक घटना में सीधे तौर पर प्रबंधन की लापरवाही उजागर होती है।
आनन-फानन में कराया अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद कंपनी परिसर में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल गोविंदा को खून से लथपथ हालत में कंपनी प्रबंधन द्वारा तुरंत वाहन से महाराष्ट्र के सावनेर ले जाया गया। वहां एक निजी अस्पताल में उसका उपचार जारी है, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस करेगी दोषियों पर कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि बोरगांव औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में हुए हादसे की जानकारी मिली है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। यदि जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या प्रबंधन की लापरवाही पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की धज्जियां
स्थानीय लोगों और श्रमिकों का आरोप है कि बोरगांव औद्योगिक क्षेत्र की अधिकांश कंपनियों में सुरक्षा मानकों का खुलेआम उल्लंघन किया जाता है। अधिक लाभ कमाने और खर्च बचाने के चक्कर में प्रबंधन ठेकेदार के माध्यम से मजदूरों की जान जोखिम में डालकर उनसे खतरनाक काम करवाते हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन औद्योगिक सुरक्षा विभाग की चुप्पी के कारण कंपनियों के हौसले बुलंद हैं।
